• Last Update
एमडी परिवहन निगम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की व्यापक समीक्षा बैठक

निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोकें, आय वृद्धि पर विशेष जोर

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक श्री प्रभु एन. सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों ने भाग लिया। इस दौरान विभागीय प्रगति, बस संचालन व्यवस्था, राजस्व संग्रहण और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पालन ही बेहतर सेवा की पहली शर्त है और इससे यात्रियों का भरोसा निगम पर मजबूत होता है। उन्होंने सभी चालकों और परिचालकों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोका जाए। किसी भी स्थिति में स्टॉप को बिना कारण छोड़ा न जाए।

एमडी ने कहा कि कई बार निर्धारित स्टॉप पर बस न रुकने की शिकायतें मिलती हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है और निगम की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रियों को सुरक्षित रूप से बैठाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इससे न केवल यात्री संतुष्टि बढ़ेगी, बल्कि टिकट बिक्री में वृद्धि के माध्यम से निगम के राजस्व में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

श्री प्रभु एन. सिंह ने आय वृद्धि के लक्ष्य को लेकर भी अधिकारियों को विशेष रूप से सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए सभी संभावित उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके अंतर्गत टिकट जांच व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त जांच स्क्वॉड दल दिन और रात दोनों समय सक्रिय रूप से जांच अभियान चलाएं, ताकि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में यह भी कहा गया कि क्षेत्रीय प्रबंधक अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें। परिचालकों एवं चालकों को सेवा भाव के साथ कार्य करने तथा यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी गई।

प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि निगम की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेहतर संचालन व्यवस्था, समयबद्ध सेवा, सख्त जांच प्रणाली और यात्री हितों को प्राथमिकता देने से ही निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है।

बैठक के अंत में सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

You can share this news with others

गाजियाबाद में तीन बहनों की नौवीं मंजिल से गिरकर मौत, आत्महत्या या मजबूरी? डायरी और मोबाइल से खुलेगा राज

लखनऊ में ‘डिजिटल अरेस्ट’ गिरोह का भंडाफोड़