• Last Update
अभिलेखों के रखरखाव, पुलिस कल्याण, डंप वाहनों के निस्तारण और नए साल की सुरक्षा व्यवस्था पर रहा विशेष फोकस

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने किया जायस कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

जायस (अमेठी)। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा सोमवार को जायस कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर पहुंचकर पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, पुलिसकर्मियों की सुविधाओं, बैरक, आवासीय क्वार्टर तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में और अधिक सुधार लाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने पाया कि कई रजिस्टर व्यवस्थित हैं, जबकि कुछ में अद्यतन प्रविष्टियों की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अभिलेख समय से अपडेट हों और उनका रखरखाव नियमों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का सही और सुव्यवस्थित रखरखाव पुलिस विभाग की कार्यशैली और पारदर्शिता को दर्शाता है।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कल्याण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए जायस थाने में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों की सुविधाओं, बैरक और आवासीय क्वार्टरों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी और संबंधित स्टाफ की प्रशंसा करते हुए इसी तरह कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में लंबे समय से खड़े डंप वाहनों का मुद्दा भी सामने आया। पुलिस अधीक्षक ने ऐसे वाहनों की शीघ्र नीलामी या निस्तारण के लिए थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि परिसर की साफ-सफाई बनी रहे और स्थान का बेहतर उपयोग किया जा सके।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने ग्राम चौकीदारों की भूमिका पर भी चर्चा की और सर्दी के मौसम को देखते हुए उन्हें ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। उन्होंने चौकीदारों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

नए साल के जश्न को लेकर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से नियमित जांच कराई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

You can share this news with others

अरावली विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, पुराने आदेश पर लगाई रोक

बॉर्डर 2 | देशभक्ति की धुन पर फिर उमड़े जज़्बात