लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बड़ी कार्रवाई में करीब 18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 17 करोड़ 96 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में बैंकॉक से आए एक महिला और एक पुरुष यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों यात्री Thai AirAsia की उड़ान संख्या FD-146 से बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर पहले से सतर्क राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने संदेह के आधार पर दोनों यात्रियों को रोका और उनके सामान की गहन जांच की।
तलाशी के दौरान उनके बैग से 12 गुलाबी रंग की पॉलिथीन में पैक किया गया हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ। कुल वजन लगभग 18 किलोग्राम बताया जा रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह खेप अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के जरिए भारत लाई जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोपोनिक वीड एक उच्च गुणवत्ता वाला और महंगा नशीला पदार्थ होता है, जिसे विशेष तकनीक से उगाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग काफी अधिक है, जिस कारण इसकी कीमत सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक होती है।
डीआरआई ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी के पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह के शामिल होने की आशंका है। जब्त किए गए नशीले पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट के तहत सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से एक बड़ी तस्करी की कोशिश नाकाम हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित लिंक की भी पड़ताल की जा रही है।