रायपुर: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 209 रनों के लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में 2–0 की बढ़त बना ली।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 82 रन (37 गेंद) बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार ने शिवम दुबे (नाबाद 36 रन) के साथ मिलकर मैच को एकतरफा बना दिया।
इससे पहले ईशान किशन ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 32 गेंदों में 76 रन ठोके। उनकी पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ईशान की आक्रामक बल्लेबाज़ी ने भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया, हालांकि वह ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट हो गए।
भारत को शुरुआती झटके लगे। पहले ही ओवर में मैट हेनरी ने संजू सैमसन (6 रन) को पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में जैकब डफी ने अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना आउट कर दिया। लेकिन इसके बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए तेज़ी से रन बनाए।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 208/6 रन बनाए। कप्तान मिचेल सेंटनर ने अंत में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 47 रन (27 गेंद) बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था।
रचिन रवींद्र अर्धशतक से चूक गए और 26 गेंदों में 44 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए। न्यूजीलैंड की शुरुआत तेज़ रही। डेवोन कॉनवे ने पहले ओवर में ही अर्शदीप सिंह पर 18 रन बटोरे, लेकिन हर्षित राणा ने उन्हें 19 रन पर आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने टिम सीफर्ट (24 रन) को आउट किया, जबकि कुलदीप यादव ने ग्लेन फिलिप्स (19 रन) को पवेलियन भेजा। शिवम दुबे ने डैरिल मिचेल का विकेट लिया।