• Last Update
सूचना भवन परिसर में विभागीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजा माहौल

गणतंत्र दिवस पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने फहराया तिरंगा, संविधान के प्रति निष्ठा का दिलाया संकल्प :

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

ध्वजारोहण के उपरांत विशाल सिंह ने सूचना भवन परिसर में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में सूचना विभाग की प्रमुख गतिविधियों, जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन तक सरकार की नीतियों और योजनाओं की प्रभावी जानकारी पहुँचाना रहा।

अपने संबोधन में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि एक स्वतंत्र देश में जन्म लिया, लेकिन यह स्वतंत्रता हमें यूँ ही नहीं मिली। इसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों का लंबा और त्यागपूर्ण संघर्ष रहा है, जिसे हमें सदैव स्मरण में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का अवसर है।

विशाल सिंह ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की भावना को जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ करें, तभी सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय कर्मचारियों और कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें राष्ट्रगीत और देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, जो राष्ट्रीय एकता, शांति और प्रगति के संदेश का प्रतीक बने।

गणतंत्र दिवस समारोह में सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सभी में देश के प्रति समर्पण और संविधान के सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

You can share this news with others

जौहर ट्रस्ट से आज़म खान का इस्तीफा, परिवार ने भी छोड़े सभी पद

पोस्टिंग के तीसरे दिन ही रिश्वत लेते धरा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार