सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। कमलापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के किनारे मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई थी, जिसका शव कुछ दिन पहले कमलापुर क्षेत्र में हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में पाया गया था। सिर पर गंभीर चोटों और गले पर निशान देख पुलिस ने प्रथम दृष्टया ही हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर गहरी चोट और गला घोंटकर मौत की पुष्टि हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी पप्पी का गांव के ही रहने वाले चौधरी मोहम्मद तफसील से लंबे समय से प्रेम संबंध था। पति राजू इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिससे छुटकारा पाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
घटना वाले दिन पप्पी ने राजू को बहाने से घर से बाहर बुलाया। पहले से घात लगाए बैठे तफसील और उसका साथी आनंद मौके पर पहुंचे। तीनों ने मिलकर राजू पर हमला किया। तफसील ने लोहे की रॉड से राजू के सिर पर लगातार तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पहचान छिपाने के इरादे से कमलापुर इलाके में नेशनल हाईवे के किनारे फेंक दिया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना या अज्ञात हत्या जैसा लगे। लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच ने पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया।
पुलिस ने सर्विलांस, स्थानीय सूचना और मृतक की कॉल डिटेल्स के आधार पर पत्नी पप्पी पर शक जताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर प्रेमी तफसील और उसके साथी आनंद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मफलर बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला अवैध प्रेम संबंधों और विश्वासघात का है। कानून के तहत आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।